लालकुआँ में स्वच्छता अभियान की अनूठी पहल, नगर पंचायत अध्यक्ष ने खुद किया नेतृत्व

लालकुआँ में स्वच्छता अभियान की अनूठी पहल, नगर पंचायत अध्यक्ष ने खुद किया नेतृत्व

स्थान – लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट

लालकुआँ नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिली। नगर पंचायत चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जो वार्ड नंबर एक से शुरू होकर पूरे क्षेत्र में स्वच्छता और जागरूकता का संदेश दे रहा था।

इस अभियान में नगर पंचायत कर्मचारियों की पूरी टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और नगर को साफ-सुथरा तथा स्वस्थ बनाना था।

सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी भी दी गई। इससे नगरवासियों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक रवैया देखा गया।

नगर पंचायत चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी ने खुद हाथ में झाड़ू थामकर गंदी नालियों की सफाई की और ठेली में नालियों का मलवा भरकर उचित स्थान पर निपटाने में भाग लिया।

साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें और नगर को स्वच्छ रखने में योगदान करें।

इस पहल से नगरवासियों में उत्साह और जागरूकता बढ़ी, और उन्होंने चेयरमैन और नगर पंचायत टीम की इस अनूठी पहल की सराहना की।

अभियान के माध्यम से नगर पंचायत ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।