
स्थान – हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी के लामाचौड़ क्षेत्र में अवैध रूप से बिक रही कच्ची शराब पर रोक लगाने की मांग को लेकर एकता जनसेवा फाउंडेशन एंटी करप्शन सेल ने प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शिवम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।


ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि लामाचौड़ क्षेत्र में लंबे समय से कच्ची शराब का अवैध कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है, लेकिन पुलिस और प्रशासन आंखें मूंदे बैठे हैं। संगठन का कहना है कि न तो शराब बेचने वालों का सत्यापन किया गया है और न ही उनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई हो रही है।


प्रतिनिधिमंडल ने आबकारी विभाग की दुकानों के संचालन समय को लेकर भी सवाल उठाए। मांग की गई कि रात्रि समय में शराब बिक्री पर नियंत्रण किया जाए, ताकि देर रात होने वाली मारपीट और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि हल्द्वानी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी, लूटपाट और मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे आम नागरिकों में भय का माहौल है और लोग सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं। संगठन ने चेतावनी दी कि इस तरह की स्थिति से आने वाली पीढ़ी पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रात्रि के समय महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
इसके अलावा नाबालिग युवकों द्वारा तेज रफ्तार बाइक चलाने से हो रही दुर्घटनाओं का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने मांग की कि ऐसे नाबालिगों के वाहनों पर प्रतिबंध लगाते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में कठघरिया क्षेत्र के बजुनिया हल्दू, साईं मंदिर कॉलोनी, दीनदयाल कॉलोनी, नंदपुर और पनियाली में रात्रि गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई। संगठन का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा गश्त नहीं की जा रही, जिससे नशेड़ियों और स्मैकियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। ज्ञापन देने वालों में शिवम सिंह ठाकुर के साथ मोहम्मद नबी, शशि गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी रोहित दिवाकर, बीसी पंत सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

