नैनीताल में बिजली के टूटे तार से भीषण आग, 6 दोपहिया वाहन जलकर खाक

नैनीताल में बिजली के टूटे तार से भीषण आग, 6 दोपहिया वाहन जलकर खाक

स्थान – नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में बीडी पांडे अस्पताल के समीप देर रात बिजली का तार टूटने से भयंकर आग लग गई, जिसमें तीन स्कूटी और तीन मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल के पास एक गैराज में खड़े सभी दोपहिया वाहन आग की चपेट में आ गए। घटना देर रात से तड़के सुबह के बीच हुई।

अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि तेज हवा के कारण विद्युत लाइन टूटकर नीचे खड़े वाहनों पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। जले हुए सभी वाहन टैक्सी बाइक थीं, जो आसपास के लोगों की थीं। आगजनी से लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।