मुख्यमंत्री धामी का विपक्ष पर तीखा हमला — समान नागरिक संहिता पर दिया जवाब

मुख्यमंत्री धामी का विपक्ष पर तीखा हमला — समान नागरिक संहिता पर दिया जवाब

स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून के जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म में आयोजित मातृ-पितृ भक्ति दिवस कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर कड़ा हमला बोला।

धामी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने दशकों तक केवल वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति की, जिसके कारण सामाजिक न्याय और बुजुर्गों के अधिकारों की अनदेखी हुई। इसके विपरीत, भाजपा सरकार ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम को सख्ती से लागू कर यह सुनिश्चित किया कि बुजुर्गों की उपेक्षा करने वालों को कानून के तहत जवाब देना होगा।

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती दलों में साहसिक निर्णय लेने की हिम्मत नहीं थी, जबकि भाजपा सरकार ने यह निर्णय राजनीतिक लाभ-हानि नहीं, बल्कि संविधान की आत्मा और सामाजिक न्याय के आधार पर लिया।

धामी ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने समान नागरिक संहिता लागू कर यह संदेश दिया कि राजनीति अब तुष्टीकरण नहीं, बल्कि कानून और सुशासन के आधार पर चलेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और बुजुर्गों के अधिकार सरकार के लिए गैर-समझौतावादी मुद्दे हैं और सामाजिक सुधारों के रास्ते में कोई भी राजनीतिक बाधा जनसमर्थन के बल पर पार की जाएगी।

मुख्यमंत्री का संदेश: राजनीति में पारदर्शिता, समानता और जवाबदेही ही प्राथमिकता होगी।