अंकिता भंडारी हत्याकांड पर सियासी घमासान — कांग्रेस पौड़ी में रैली की तैयारी में

अंकिता भंडारी हत्याकांड पर सियासी घमासान — कांग्रेस पौड़ी में रैली की तैयारी में

स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सियासी बहस का केंद्र बन गया है। कांग्रेस पार्टी ने सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए पौड़ी में रैली आयोजित करने की घोषणा की है।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। यदि इस दौरान मामले की दोबारा जांच या सीबीआई जांच के आदेश नहीं दिए गए, तो 6 जनवरी के बाद पौड़ी में रैली निकालकर आंदोलन किया जाएगा

गणेश गोदियाल का कहना है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में सामने आ रहे नए खुलासों को देखते हुए सरकार को तुरंत कदम उठाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है और इस मामले में प्रभावशाली लोगों की भूमिका पर पर्दा डाला जा रहा है।

वहीं भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया। प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्यायालय से न्याय मिल चुका है और दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड सरकार सुप्रीम कोर्ट में मृत्युदंड की मांग कर रही है।

भाजपा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह राजनीतिक लाभ के लिए संवेदनशील मामले को बार-बार उछाल रही है, जिससे न सिर्फ परिवार को पीड़ा हो रही है बल्कि न्यायिक प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं।