लोहाघाट पोस्ट ऑफिस में आधार केंद्र पर भीड़ का दबाव, लोगों में नाराजगी

लोहाघाट पोस्ट ऑफिस में आधार केंद्र पर भीड़ का दबाव, लोगों में नाराजगी

स्थान:लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले के लोहाघाट में एकमात्र आधार केंद्र पोस्ट ऑफिस में भारी भीड़ उमड़ने से जनता परेशान है। अन्य आधार केंद्र बंद होने के कारण दूर-दूर क्षेत्रों से लोग अपने आधार कार्ड बनाने या उनमें सुधार कराने के लिए लोहाघाट पोस्ट ऑफिस आ रहे हैं, जिससे केंद्र में लंबी कतारें और अव्यवस्था का माहौल बन गया है।

मंगलवार को सुबह से ही पोस्ट ऑफिस में भारी भीड़ जमा हो गई। लोग, जिनमें स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल थीं, अपने आधार कार्ड बनाने और गलतियां सुधारने के लिए लगातार केंद्र का रुख कर रहे हैं। भीड़ इतनी अधिक थी कि पोस्ट ऑफिस प्रबंधन को स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस ने लोगों को समझा-बूझाकर शांत किया।

रीठा साहिब से आई छात्राओं ने बताया कि पिछले तीन दिनों से वे अपने आधार कार्ड सुधारने के लिए आ रही हैं, लेकिन आज भी उनका नंबर नहीं आया। अन्य लोगों ने भी कहा कि केवल एक ही संचालित केंद्र होने के कारण कई दिनों तक उनका काम नहीं हो पा रहा है।

पोस्टमास्टर दीपक तड़ागी ने बताया कि वर्तमान में लोहाघाट डाकघर का आधार केंद्र ही संचालित है, और केंद्र में केवल एक महिला ऑपरेटर होने के कारण उसे भी भीड़ और दबाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अन्य बंद पड़े आधार केंद्र जल्द संचालित किए जाएं, ताकि हंगामा और भीड़ की समस्या कम हो।

जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि अन्य आधार केंद्र जल्द शुरू किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया है ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान समय रहते किया जा सके और अव्यवस्था समाप्त हो।