खटीमा महाविद्यालय के छात्रों को ₹1 लाख तक का इनाम जीतने का अवसर

खटीमा महाविद्यालय के छात्रों को ₹1 लाख तक का इनाम जीतने का अवसर

स्थान – खटीमा

रिपोर्ट – अशोक सरकार

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा के छात्र-छात्राओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। विद्यार्थियों को भारत बौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा में प्रतिभाग कर ₹1 लाख तक का नगद पुरस्कार जीतने का मौका दिया जा रहा है। यह परीक्षा संयुक्त निदेशक, उच्च शिक्षा कार्यालय के मार्गदर्शन में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के संयोजन से आयोजित की जा रही है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पड़ियार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा का आयोजन 31 जनवरी एवं 1 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्नों के साथ लिखित परीक्षा भी शामिल होगी, जो कुल 100 अंकों की होगी।

राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹1 लाख, द्वितीय पुरस्कार ₹50 हजार, दो तृतीय पुरस्कार ₹25 हजार तथा 200 प्रतिभागियों को ₹2,500 के सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।

नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पड़ियार ने बताया कि पंजीकरण के लिए एक गूगल फॉर्म तैयार किया गया है। फॉर्म भरने के बाद विद्यार्थियों को महाविद्यालय में ₹100 पंजीकरण शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। पंजीकरण केवल महाविद्यालय के माध्यम से ही मान्य होगा, व्यक्तिगत पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को ई-मेल के माध्यम से लॉगिन क्रेडेंशियल एवं यूनिक रजिस्ट्रेशन आईडी प्रदान की जाएगी। महाविद्यालय प्रशासन ने अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं से इस राष्ट्रीय परीक्षा में प्रतिभाग करने की अपील की है।