दिल्ली पुलिस परीक्षा को लेकर रुड़की में हंगामा, उत्तराटेक कॉलेज पर गंभीर आरोप

दिल्ली पुलिस परीक्षा को लेकर रुड़की में हंगामा, उत्तराटेक कॉलेज पर गंभीर आरोप

स्थान – रुड़की

ब्यूरो रिपोर्ट

दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रुड़की स्थित उत्तराटेक कॉलेज, धनौरी में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब अन्य राज्यों से आए कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने से रोके जाने का आरोप लगा। नाराज़ छात्रों ने परीक्षा केंद्र पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और कॉलेज प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैये का आरोप लगाया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उत्तराखंड में दिल्ली पुलिस परीक्षा के कई केंद्र बनाए गए थे, लेकिन एक ही केंद्र पर अलग-अलग व्यवहार किए जाने से गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने इंटरनेट कनेक्टिविटी का हवाला देकर उन्हें परीक्षा देने से रोक दिया, जबकि कुछ चुनिंदा छात्रों को परीक्षा दिलवाने की बात कही जा रही है।

छात्रों के अनुसार, पहली और दूसरी दोनों शिफ्ट में किसी भी अभ्यर्थी को पेपर नहीं देने दिया गया, जिससे दूर-दराज से आए परीक्षार्थियों को भारी मानसिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। कई छात्रों ने बताया कि वे दूसरे राज्यों से यात्रा कर यहां पहुंचे थे, लेकिन बिना परीक्षा दिए ही लौटने को मजबूर होना पड़ा।

परीक्षा केंद्र पर हुए हंगामे के बाद छात्रों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। साथ ही छात्रों ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों को भटकना पड़ेगा और कब तक उनके साल बर्बाद होते रहेंगे।

छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सिस्टम में सुधार और न्यायपूर्ण परीक्षा व्यवस्था की सख्त जरूरत है, ताकि भविष्य में किसी भी अभ्यर्थी के साथ इस तरह का अन्याय न हो।