हरिद्वार में बेतरतीब ई-रिक्शाओं पर शिकंजा, वेरिफिकेशन अभियान शुरू

हरिद्वार में बेतरतीब ई-रिक्शाओं पर शिकंजा, वेरिफिकेशन अभियान शुरू

स्थान – हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार की सड़कों पर बेतहाशा घूम रही ई-रिक्शाओं पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग हरकत में आ गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अब जिलेभर में ई-रिक्शाओं और उनके चालकों का वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा।

इसी क्रम में एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने भगत सिंह चौक पर चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन कर चल रही कई ई-रिक्शाओं के चालान काटे गए, जबकि कुछ को सीज भी किया गया।

एआरटीओ नेहा झा ने बताया कि वेरिफिकेशन अभियान के तहत अनधिकृत रूप से संचालित ई-रिक्शाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी। साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ई-रिक्शाओं के लिए अलग-अलग जोन निर्धारित किए जाएंगे।

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से ई-रिक्शा चला रहे चालकों में हड़कंप मच गया है। विभाग का कहना है कि यातायात व्यवस्था सुधारने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा