

स्थान – विकासनगर

ब्यूरो रिपोर्ट


अवैध खनन और नियमों की अनदेखी पर खनन विभाग ने एक बार फिर कड़ा शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिला खान अधिकारी की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।



खनन विभाग की टीम ने विकासनगर के जसोवाला और नवाबगढ़ क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान जसोवाला क्षेत्र के एक खनन पट्टे में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद संबंधित खनन पट्टे का ई-रवन्ना पोर्टल तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।



इसी क्षेत्र में टीम ने एक अवैध खनन भंडारण स्थल भी पकड़ा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मौके पर चालान काटते हुए भारी अर्थदंड लगाया गया।


कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। विकासनगर के नवाबगढ़ क्षेत्र में भी एक खनिज भंडारण में अनियमितता पाए जाने पर उसका ई-रवन्ना पोर्टल फौरन सस्पेंड कर दिया गया।



खनन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि अवैध खनन और नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। डिजिटल स्तर पर की जा रही इस कार्रवाई से पट्टाधारकों और भंडारण संचालकों में अफरा-तफरी मची हुई है।


विभाग ने स्पष्ट किया है कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध खनन और अनियमितताओं के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।


