

स्थान – चंपावत

ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत जिले के बाराकोट क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाराकोट से तल्ला बापरु की ओर जा रही ऑल्टो कार (UK 03 TA 2143) बाराकोट–पिथौरागढ़ लिंक रोड पर बैक करते समय अनियंत्रित होकर केलाड़ी (विद्युत पावर हाउस) के पास लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई।



दुर्घटना में वाहन चालक अमित शर्मा पुत्र जगदीश शर्मा और विक्रम सिंह पुत्र कुंवर सिंह, निवासी तल्ला बापरु, गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी के नेतृत्व में स्थानीय युवा मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।


सूचना पर बाराकोट चौकी से पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय युवाओं ने घोर अंधेरे में गहरी खाई में उतरकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस के समय पर न पहुंचने के कारण पुलिस वाहन से घायलों को उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

लोहाघाट अस्पताल में डॉ. अजीम और उनकी टीम ने दोनों घायलों का उपचार किया। डॉ. अजीम ने बताया कि वाहन चालक अमित शर्मा की स्थिति गंभीर है और उनके सिर पर गहरी चोटें आई हैं, जिन्हें चंपावत जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। वहीं दूसरे घायल विक्रम सिंह के सिर पर भी चोटें हैं, लेकिन उनकी स्थिति खतरे से बाहर है और उनका उपचार लोहाघाट अस्पताल में जारी है।


बाराकोट चौकी प्रभारी हरीश प्रसाद ने बताया कि वाहन चालक कार को बैक कर रहा था, तभी वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। उन्होंने यह भी बताया कि हादसे वाले स्थान पर क्रैश बैरियर नहीं लगे हुए थे।


जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद बाराकोट और लोहाघाट दोनों स्थानों से 108 एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। मजबूरी में गंभीर घायल को प्राइवेट वाहन से चंपावत जिला चिकित्सालय भेजा गया।

108 एंबुलेंस की लापरवाही को लेकर क्षेत्रीय युवाओं और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। युवाओं का कहना है कि आपात स्थितियों के लिए तैनात 108 एंबुलेंस का समय पर न पहुंचना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। प्रशासन से मामले में कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की जा रही है।


