सर्दी बढ़ते ही प्रशासन सक्रिय, डीएम ने रैन बसेरों का किया निरीक्षण

सर्दी बढ़ते ही प्रशासन सक्रिय, डीएम ने रैन बसेरों का किया निरीक्षण

स्थान – हरिद्वार
संवाददाता – धर्मराज

सर्दी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही हरिद्वार प्रशासन ने निराश्रित और जरूरतमंद लोगों के लिए व्यवस्थाएं और मजबूत कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार शाम नगर निगम क्षेत्र में स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण किया और गंगा घाट पर सो रहे लोगों को कंबल वितरित किए।

डीएम ने गऊघाट स्थित नगर निगम के दो रैन बसेरों का निरीक्षण कर वहां रखे गए रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने रैन बसेरा संचालकों को बिजली, पानी, हीटर और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए, ताकि ठंड के मौसम में किसी को परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि सभी शहरी और ग्रामीण निकायों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बने रैन बसेरों को पूरी तरह व्यवस्थित रखें। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले यात्रियों और असहाय लोगों को सर्दी में आसरा और सुविधाएं मिल सकें, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

प्रशासन की इस पहल से ठंड के मौसम में जरूरतमंद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।