20 दिसंबर की रैली की तैयारी तेज, नियमितीकरण को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश

20 दिसंबर की रैली की तैयारी तेज, नियमितीकरण को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश

स्थान -देहरादून

ब्यूरो रिपोर्ट

राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 20 दिसंबर को परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास तक प्रस्तावित रैली की तैयारियों को लेकर मंगलवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के अध्यक्ष दिनेश पंत ने की।

बैठक में दिनेश पंत ने कहा कि शासन सार्वजनिक निगमों में तैनात दैनिक वेतन, संविदा, आउटसोर्स, विशेष श्रेणी और उपनल कार्मिकों के नियमितीकरण को लेकर लगातार टालमटोल कर रहा है। कई कर्मचारी 20 से 25 वर्षों से नियमितीकरण की उम्मीद में सेवा दे रहे हैं, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है। इसी कारण कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।

महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश रमौला ने कहा कि सरकार ने राज्य कर्मचारियों के नियमितीकरण का निर्णय तो लिया है, लेकिन सार्वजनिक उद्योग विभाग इस पर गंभीरता नहीं दिखा रहा है, जिससे निगम कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।

गढ़वाल मंडल अध्यक्ष मनमोहन चौधरी ने कहा कि 20 दिसंबर की रैली निगमों में तैनात आउटसोर्स, दैनिक, संविदा, उपनल और विशेष श्रेणी के कर्मचारियों के भविष्य का निर्णय करेगी।

बैठक में महासंघ अध्यक्ष दिनेश पंत ने चेतावनी दी कि यदि शांतिपूर्ण रैली के दौरान शासन-प्रशासन द्वारा किसी प्रकार का कुचक्र रचा गया, तो महासंघ रैली के दौरान ही कार्य बहिष्कार की घोषणा करेगा।

बैठक में शिशुपाल रावत, मेजपाल, शंकर सिंह, अरविंद नेगी, मुकेश नैथानी, दिनेश सती, अनिल भट्ट और बी.एस. रावत सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन महासचिव श्याम सिंह नेगी ने किया।