मनरेगा से छेड़छाड़ गरीबों के अधिकारों पर हमला: सुमित हृदयेश

मनरेगा से छेड़छाड़ गरीबों के अधिकारों पर हमला: सुमित हृदयेश

स्थान – हल्द्वानी

हल्द्वानी में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों, संघर्ष और योगदान का खुला अपमान है। मनरेगा केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि देश के गरीब, मजदूर और ग्रामीण तबके की जीवनरेखा रही है और इसके मूल स्वरूप से छेड़छाड़ करना पूरी तरह जनविरोधी कदम है।

सुमित हृदयेश ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के तहत रोजगार के दिनों को 100 से घटाकर 60 करने की मंशा गरीबों के कानूनी अधिकारों पर सीधा प्रहार है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी, भुखमरी और आर्थिक असुरक्षा और अधिक बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि पहले मनरेगा के कार्यों की संस्तुति ग्राम प्रधान और ग्राम सभा के माध्यम से होती थी, जिससे स्थानीय जरूरतों के अनुसार रोजगार उपलब्ध होता था। लेकिन अब केंद्र सरकार इस व्यवस्था को समाप्त कर मनरेगा को दिल्ली से संचालित करने की योजना बना रही है। इससे पंचायती राज व्यवस्था कमजोर होगी और ग्रामीण आत्मनिर्भरता को गहरा नुकसान पहुंचेगा।

कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि यह बदलाव पहाड़ों को खाली कराने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मनरेगा का उद्देश्य पलायन रोकना था, लेकिन मौजूदा नीतियों के चलते यह योजना पलायन को और तेज करने का माध्यम बनती जा रही है।

सुमित हृदयेश ने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य के अंशदान के अनुपात को 90:10 से बदलकर 60:40 करना राज्यों पर अनावश्यक वित्तीय बोझ डालने जैसा है। इससे राज्यों के लिए योजना को प्रभावी ढंग से लागू करना कठिन होगा और इसका सीधा नुकसान गरीब जनता को झेलना पड़ेगा।

प्रेस वार्ता में उन्होंने भाजपा को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस मनरेगा सहित जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर तथ्यों और सच्चाई के साथ चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने हल्द्वानी प्रशासन पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में अनावश्यक रूप से लगाए जा रहे लाल निशान आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर रहे हैं। यह कार्रवाई जनहित से अधिक केवल बजट खर्च करने की मानसिकता को दर्शाती है।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आम जनता से अपने संवैधानिक और कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज़ बुलंद करने और जनविरोधी नीतियों का विरोध करने की अपील की।

इस मौके पर महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधु सांगुड़ी, शोभा बिष्ट, हेमंत बगड़वाल, एन.बी. गुणवंत, हरीश मेहता, सुहैल अहमद सिद्दीकी, जाकिर हुसैन सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।