बहादराबाद थाने का एसपी सिटी ने किया अर्धवार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

बहादराबाद थाने का एसपी सिटी ने किया अर्धवार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

स्थान – हरिद्वार
रिपोर्ट – धर्मराज

एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र डोभाल के निर्देश पर एसपी सिटी अभय कुमार ने बुधवार को बहादराबाद थाना का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, भवन की स्थिति, मेंटीनेंस और अभिलेखों की गहन जांच की। इस दौरान एसपी सिटी ने अभिलेखों को समय-समय पर अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

एसपी सिटी अभय कुमार ने कुर्की वारंटों के त्वरित निस्तारण, लापता हिस्ट्रीशीटरों की तलाश, सीसीटीएनएस पोर्टल पर जनरल डायरी (जीडी) की ऑनलाइन एंट्री तथा कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क का भी अवलोकन किया गया। वहां तैनात पुलिसकर्मियों को ‘उत्तराखंड पुलिस एप’ के बारे में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिलाओं को एप डाउनलोड करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया, ताकि वे आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।

इसके अलावा एसपी सिटी ने थाने की अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।