जसपुर में पालिका भूमि पर फायरिंग का आरोप, विधायक ने भाजपा नेता पर लगाए गंभीर आरोप

जसपुर में पालिका भूमि पर फायरिंग का आरोप, विधायक ने भाजपा नेता पर लगाए गंभीर आरोप

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

नगर के जसपुर–भूतपुरी मार्ग पर नगर पालिका की भूमि पर जबरन कब्जा करने और फायरिंग के मामले ने राजनीति में हलचल मचा दी है। चार दिन पहले हुई इस घटना के बाद जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान ने टीआरसी परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पालिका अध्यक्ष नौशाद सिद्दीकी और पालिका के सभासदों के साथ मिलकर इस मामले में विस्तार से जानकारी दी।

विधायक चौहान ने आरोप लगाया कि पालिका प्रशासन द्वारा मना करने के बावजूद भाजपा नेता ने दिन ढलने के बाद उक्त सरकारी भूमि पर फायरिंग की और पालिका कर्मियों को धमकाकर वहां से भगा दिया। उन्होंने बताया कि घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें फायरिंग की आवाज़ और भाजपा नेता की दबंगई स्पष्ट सुनाई दे रही है।

जसपुर पुलिस ने फायरिंग का मुकदमा दर्ज तो किया, लेकिन अज्ञात के नाम से। विधायक चौहान ने कहा कि यह कानून व्यवस्था की अनदेखी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं, प्रेस वार्ता में पालिका अध्यक्ष नौशाद सिद्दीकी ने कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका पर संदेह जताते हुए भाजपा नेता के साथ मिलकर भूमि अधिग्रहण की बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि उक्त जमीन पर रोडवेज बस स्टैंड बनाने की योजना थी।

वार्ड एक की सभासद रूपा देवी ने भी आरोप लगाया कि सरकारी भूमि जबरन अधिग्रहण के आरोपित ने खुलेआम नाम लेकर सभासदों की खरीद-फरोख्त की।

इस पूरे मामले ने जसपुर की राजनीतिक और प्रशासनिक गहमागहमी को बढ़ा दिया है, और नागरिकों में इस विवाद को लेकर चिंता बनी हुई है।