

स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी


कृष्णा स्टोन क्रेशर परिसर में विशालकाय गड्ढा खोदकर अवैध रूप से रेता-बजरी निकाले जाने और आबादी क्षेत्र में मानकों की अनदेखी कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने की ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। राजस्व विभाग और खान विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण करते हुए क्रेशर परिसर में छापेमारी की।



छापेमारी के दौरान टीम ने क्रेशर परिसर में खोदे गए विशालकाय गड्ढे की पैमाइश की और गड्ढा खोदने से संबंधित अनुमति एवं अभिलेख मांगे। क्रेशर संचालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहे। पूर्व में गड्ढे से संबंधित जुर्माना लगाए जाने के बावजूद वर्तमान खुदाई से जुड़े कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।



इस पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कृष्णा स्टोन क्रेशर को तीन दिनों के भीतर अभिलेख प्रस्तुत करने तक सीज कर दिया और उसके संचालन पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी। इसके साथ ही आबादी क्षेत्र में क्रेशर द्वारा बिना मानकों के ध्वनि प्रदूषण फैलाने के मामले की भी जांच शुरू कर दी गई है।



जिला खान अधिकारी ताजवर सिंह नेगी ने बताया कि यदि गड्ढे से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो नियमानुसार जुर्माने और अन्य कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद लंबे समय से परेशान ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि आगे भी अवैध खनन और प्रदूषण के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।


