सरयू लिफ्ट पेयजल योजना को हरी झंडी, लोहाघाट विधायक ने जताया आभार84 करोड़ की स्वीकृति से वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का होगा समाधान

सरयू लिफ्ट पेयजल योजना को हरी झंडी, लोहाघाट विधायक ने जताया आभार84 करोड़ की स्वीकृति से वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का होगा समाधान

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

लोहाघाट नगरवासियों की बरसों पुरानी सरयू लिफ्ट पेयजल योजना निर्माण की मांग को धामी सरकार ने मान लेते हुए योजना को हरी झंडी दे दी है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर लोहाघाट के कांग्रेसी विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने नगर की जनता को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव आनंद वर्धन का आभार व्यक्त किया है।

विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि जब मुख्यमंत्री द्वारा विधायकों से अपने-अपने क्षेत्रों के 10 प्रमुख कार्यों की सूची मांगी गई थी, तब उन्होंने सबसे पहले लोहाघाट नगर की गंभीर पेयजल समस्या को रखते हुए सरयू लिफ्ट पेयजल योजना को प्राथमिकता दी थी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के लोहाघाट दौरे के दौरान भी इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा योजना की घोषणा की गई।

उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव आनंद वर्धन के चंपावत दौरे के दौरान भी सरयू लिफ्ट पेयजल योजना और लोहाघाट की नजूल भूमि को फ्री होल्ड किए जाने की मांग को प्रमुखता से उनके समक्ष रखा गया था। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप आज सरयू लिफ्ट पेयजल योजना के लिए 84 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

विधायक ने कहा कि जल्द ही यह योजना धरातल पर नजर आएगी और लोहाघाट नगरवासियों को दूषित पेयजल से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पेयजल संकट के कारण हो रहा पलायन भी इस योजना से रुकेगा।

खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि वे आगे भी विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को पूरी मजबूती से उठाते रहेंगे और पेयजल समस्या के समाधान पर नगर की जनता को बधाई दी।