

स्थान : विकासनगर/देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा हिंदू देवी–देवताओं पर दिए गए विवादित बयान के विरोध में उत्तराखण्ड के ग्रामीण इलाकों में गुस्सा फूट पड़ा। देहरादून ग्रामीण क्षेत्र के विकासनगर में भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जमकर विरोध जताया।



कार्यकर्ताओं ने रेवंत रेड्डी का पुतला दहन किया और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। विकासनगर के पहाड़ी गली चौक पर बड़ी संख्या में एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर–पोस्टर लिए और ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए।



भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने कहा कि रेवंत रेड्डी का बयान हिंदू आस्था पर सीधा प्रहार है और इससे देश की धार्मिक सौहार्द एवं सामाजिक एकता को ठेस पहुँचती है। उन्होंने इस बयान पर कड़ी कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो देहरादून ग्रामीण के पदाधिकारियों ने किया। भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष संजय तोमर और महामंत्री नीरज चौहान ने कहा,

“रेवंत रेड्डी का बयान बेहद शर्मनाक है। भाजयुमो इसकी कड़ी निंदा करता है और यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और व्यापक रूप से जारी रहेगा।”

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण इलाकों में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा।


