

स्थान – हल्द्वानी
रिपोर्ट – ऋषि कपूर


काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर हर रोज़ हजारों यात्री पहुंचते हैं और यहां से आगे की यात्रा के लिए रेंटल बाइक सेवाओं का सहारा लेते हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से रेंटल बाइक संचालकों की लापरवाही और मनमानी बढ़ती जा रही है, जो यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन रही है।




जानकारी के मुताबिक, कुछ संचालक यात्रियों को प्राइवेट रजिस्ट्रेशन वाली स्कूटी और बाइक भी किराए पर दे रहे हैं, जो पूरी तरह अवैध है। इसके अलावा, कई बाहरी यात्री बिना लाइसेंस के आते हैं, लेकिन कुछ संचालक इस कमजोरी का फायदा उठाकर उनसे अधिक शुल्क वसूल कर बिना लाइसेंस के ही वाहन दे देते हैं। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की जान के लिए भी जोखिम भरा है।




आरटीओ हल्द्वानी ने इस मामले में सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं। विभाग की टीम ने आने वाले दिनों में कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। उम्मीद की जा रही है कि इससे रेंटल बाइक संचालकों की मनमानी पर रोक लगेगी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।





