देहरादून में तड़के दून पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 1782 वाहन जांचे, 3374 लोगों से पूछताछ

देहरादून में तड़के दून पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 1782 वाहन जांचे, 3374 लोगों से पूछताछ

स्थान – देहरादून

रिपोर्टर – सचिन कुमार

आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दून पुलिस ने सोमवार तड़के पूरे जनपद में आकस्मिक सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नगर व देहात के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई।

सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सीमावर्ती चेक पोस्टों, आंतरिक मार्गों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थलों पर व्यापक चेकिंग की। अभियान के दौरान कुल 1782 वाहनों की जांच की गई, जबकि 3374 व्यक्तियों से पूछताछ कर सत्यापन किया गया।

बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की विशेष रूप से पहचान और जांच की गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई की गई।

एसएसपी देहरादून ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों पर रोकथाम और शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाइयों से आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिलती है और आम जनता में सुरक्षा का भाव भी मजबूत होता है।