चमोली में अतिथि शिक्षक पर नाबालिगों से यौन शोषण के आरोप, क्षेत्र में तनाव; हिंदू संगठनों ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

चमोली में अतिथि शिक्षक पर नाबालिगों से यौन शोषण के आरोप, क्षेत्र में तनाव; हिंदू संगठनों ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

स्थान – चमोली

चमोली जिले के दशोली विकासखंड के एक विद्यालय में तैनात बिजनौर निवासी अतिथि शिक्षक यूसुफ उर्फ यूनूस अंसारी पर नाबालिग छात्र–छात्राओं से यौन शोषण और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगे हैं। मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है और माहौल गर्म हो गया है।

सूत्रों के अनुसार, विद्यालय की कक्षा 12 की छात्रा ने शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया, जबकि कक्षा 7 के एक छात्र ने यौन शोषण की शिकायत की। अभिभावकों द्वारा मामला उठाए जाने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने आरोपी से माफीनामा लिखवाया और घटना की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) दशोली को दी।

खंड शिक्षा अधिकारी ने मामले में कार्रवाई के लिए थाना चमोली को पत्राचार किया है। हालांकि, अब तक आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी न होने पर स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में रोष बढ़ गया है।

हिंदू संगठनों ने थाना चमोली पहुंचकर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की और पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम जारी किया है। संगठनों का कहना है कि यदि समयसीमा के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे।

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं प्रशासन स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है।