

स्थान – लक्सर


रविवार देर रात जाड़े के इस सीजन में पहली बार घने कोहरे ने दस्तक दी। सुबह करीब 7 बजे तक सड़कों पर घनी धुंध छाई रही, जिससे वाहन चालकों को लाइट जलाकर धीरे-धीरे आगे बढ़ना पड़ा। दृश्यता कम होने से कई जगह यातायात प्रभावित हुआ। सर्दी बढ़ते ही लोगों ने अलाव का सहारा लेकर अपनी सुबह की शुरुआत की।



इस बार मौसम का मिज़ाज पिछले वर्षों से अलग दिखाई दे रहा है। आमतौर पर नवंबर के अंतिम सप्ताह तक कोहरा और शीतलहर शुरू हो जाती थी, लेकिन इस साल ठंड अपेक्षाकृत देर से बढ़ रही है। रविवार रात पहली बार घने कोहरे ने पूरे क्षेत्र को ढक लिया, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई।



स्थानीय निवासी नरेश चौधरी, गुरदीप सिंह और सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार सर्दी पहले की तुलना में कम महसूस हो रही थी, लेकिन अब पाला पड़ना शुरू हो गया है। इससे ठंडक बढ़ गई है। वहीं किसान देवेंद्र कुमार, महक सिंह और नवाब अली ने बताया कि पिछले दो हफ्तों में जिन्होंने गेहूं की बुवाई की है, उनकी फसल के लिए यह पाला फायदेमंद साबित होगा।




मौसम विभाग के शुरुआती संकेतों के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और धुंध दोनों में बढ़ोतरी की संभावना है।


