

स्थान – देहरादून


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में “उत्तराखण्ड @25ः लुकिंग बैक–लुकिंग फॉरवर्ड” पुस्तक का विमोचन किया। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र और भारतीय लोक प्रशासन संस्थान द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों, अनुभवों और भविष्य की संभावनाओं का व्यापक दस्तावेज प्रस्तुत करती है।



मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पुस्तक राज्य की अब तक की प्रगति का उत्कृष्ट विश्लेषण करने के साथ ही आने वाले वर्षों में विकास की नई दिशा भी तय करेगी। इसमें शासन-प्रशासन, आर्थिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण पलायन, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य-शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, कृषि, संस्कृति और पत्रकारिता जैसे अहम विषयों पर विशेषज्ञों के विस्तृत लेख संकलित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं और छात्रों के लिए उपयोगी साबित होगी और राज्य के सतत एवं समावेशी विकास को मजबूती देगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा में उत्तराखंड ने चुनौतियों के बावजूद कई ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज की हैं। नीति आयोग के सतत् विकास लक्ष्यों में राज्य को प्रथम स्थान मिला है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में “अचीवर्स”, स्टार्टअप रैंकिंग में “लीडर्स”, बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी, लॉजिस्टिक्स परफॉर्मेंस में “अचीवर्स” और सिंगल विंडो सिस्टम में “टॉप अचीवर्स” की श्रेणी प्राप्त होना राज्य की मजबूती दर्शाता है।



पर्यटन, मत्स्य विकास और किसानों की आय वृद्धि में भी उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला पहला राज्य बनकर उत्तराखंड ने ऐतिहासिक कदम उठाया है।


इस पुस्तक में कुल 31 लेखकों और सह-लेखकों द्वारा लिखे गए 28 शोधपरक लेख शामिल हैं, जो राज्य के भविष्य के विकास पथ का स्पष्ट खाका पेश करते हैं। मुख्यमंत्री ने इसके प्रकाशन पर दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र, भारतीय लोक प्रशासन संस्थान, लेखकों और संपादक मंडल को धन्यवाद दिया।




