ज्योतिर्मठ क्षेत्र में भालुओं का बढ़ता आतंक, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन अलर्ट

ज्योतिर्मठ क्षेत्र में भालुओं का बढ़ता आतंक, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन अलर्ट

लोकेशन- ज्योतिर्मठ
रिपोर्ट- संजय कुंवर

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही भालुओं की गतिविधियों को देखते हुए नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन अब अलर्ट मोड पर आ गया है। उप वन संरक्षक नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के नेतृत्व में पार्क टीम ने नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों—रविग्राम, मनोहरबाग, सिंहधर, नरसिंह मंदिर सहित संवेदनशील इलाकों—में रेस्क्यू टीम के साथ रात्रि गश्त तेज कर दी है।

गश्त के दौरान सिंहधर वार्ड में भालू दिखने की सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची और भालू को खदेड़ने की कार्रवाई की। स्थानीय लोगों ने टीम को बताया कि इलाके में मौजूद एक गोशाला का दरवाजा टूटा हुआ है और मवेशी स्वामी भी अनुपस्थित है, जिससे खतरा और बढ़ गया था।

इसके बाद टीम ब्लॉक परिसर में भी पहुंची, जहां भालू को खदेड़ने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में QRT टीम की गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

पार्क प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि भालू प्रभावित और सुनसान इलाकों में अकेले न चलें। साथ ही, आबादी वाले क्षेत्रों में भालू दिखने पर तुरंत QRT टीम को सूचित करें। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की छेड़छाड़ या उकसावे पर वन्यजीव खुद को असुरक्षित महसूस कर हिंसक हो सकते हैं, इसलिए सुरक्षित दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है।

स्थानीय निवासियों में भालुओं की बढ़ती गतिविधियों को लेकर चिंता बनी हुई है, वहीं प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।