

रिपोर्टर: सुनील सोनकर
स्थान: मसूरी

संगठन की रणनीति, आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर पर मजबूती पर हुई चर्चा

भारतीय जनता पार्टी मसूरी मंडल की बैठक गुरुवार को मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मसूरी मंडल की नई प्रभारी श्रीमती ज्योति कोटिया का कार्यकर्ताओं ने शॉल और पुष्प गुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।



बैठक में संगठन की भावी रणनीति, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विस्तृत चर्चा की गई। मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि मसूरी भाजपा मंडल बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने में जुटा है और कार्यकर्ता निरंतर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

नई प्रभारी ज्योति कोटिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव चुनाव के लिए तैयार रहने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा की रीढ़ की हड्डी है और पार्टी की असली ताकत जमीनी स्तर पर सक्रिय इन कार्यकर्ताओं में निहित है।


कोटिया ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाला वर्ष 2027 भाजपा का वर्ष होगा।
उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में भाजपा सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनके परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है।




ज्योति कोटिया ने बताया कि आगामी उत्तराखंड स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून आ रहे हैं, और उनके आगमन को लेकर प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं व जनता में अपार उत्साह है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है, और हर दौरे पर वे राज्य को नई सौगातें देते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को ‘मॉडल राज्य’ बनाने की दिशा में कार्य कर रही हैं। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर पर संगठन को और सशक्त करें तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुंचाएं।




