उत्तराखंड राज्य रजत जयंती पर देहरादून में युवा महोत्सव का आगाज़

उत्तराखंड राज्य रजत जयंती पर देहरादून में युवा महोत्सव का आगाज़

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्री रेखा आर्य ने किया उद्घाटन, युवाओं को खेल और संस्कृति से जोड़ने का आह्वान

देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर राजधानी देहरादून में युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 6 नवंबर से शुरू हुआ यह महोत्सव 8 नवंबर तक चलेगा।

परेड ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्य ने संयुक्त रूप से किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण किया और युवाओं को स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर सभी विभाग अपनी-अपनी गतिविधियों के माध्यम से राज्य की उपलब्धियों को प्रदर्शित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को एक मंच प्रदान करना है, ताकि देवभूमि उत्तराखंड ‘खेल भूमि’ के रूप में भी पहचानी जाए।

वहीं मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि रजत जयंती वर्ष पर आयोजित यह महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक विरासत और खेल प्रतिभा को एक साथ जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से उत्तराखंड ने 25 वर्षों में विकास के नए आयाम गढ़े हैं, उसी तरह आने वाले समय में भी राज्य प्रगति और युवा शक्ति के बल पर आगे बढ़ेगा।

महोत्सव में प्रदेशभर से आए युवक-युवतियां सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन का समापन 8 नवंबर को होगा।