झनकईया मेले की तैयारी जोरों पर, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर

झनकईया मेले की तैयारी जोरों पर, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर

स्थान – खटीमा, ऊधम सिंह नगर

रिपोर्ट – अशोक सरकार

झनकईया मेले के सफल आयोजन को लेकर खटीमा थाने में मेला कमेटी, दुकानदारों और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के सुचारू संचालन, कानून व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक चर्चा हुई तथा कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में तय किया गया कि मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। थाना प्रशासन ने बताया कि मेले में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बाहरी फोर्स बुलाई गई है, साथ ही ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी की जाएगी।

दुकानदारों को स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मेला कमेटी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, रोशनी और साफ-सफाई के विशेष इंतजाम करने का आश्वासन दिया।

मेला स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की भी पुष्टि की गई है ताकि पूरे परिसर की निगरानी की जा सके। मेला कमेटी के अध्यक्ष पूरन सिंह धामी ने बताया कि “मेले की सभी तैयारियां आज देर शाम तक पूरी कर ली जाएंगी।”

थाना एसएसआई लक्ष्मण जोशी ने कहा कि “मेले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।”

बैठक में मेला कमेटी के पदाधिकारी, स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे। सभी ने आपसी सहयोग और समन्वय के साथ मेले को शांतिपूर्ण और सफल बनाने का संकल्प लिया।