हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

स्थान : हरिद्वार
एंकर : संजय चौधरी

5 नवंबर – कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर हरिद्वार में आस्था का अपार सैलाब उमड़ पड़ा है। लाखों श्रद्धालु देशभर से हरिद्वार पहुंचे और गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जमा रही, और हर-हर गंगे के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद पूजा-अर्चना की और दीपदान किया, जिससे हरिद्वार का माहौल भक्ति, श्रद्धा और आस्था से सराबोर हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपनी धार्मिक भावनाओं का इज़हार करते हुए गंगा की पवित्र लहरों में डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना की।

सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस ने विशेष प्रबंध किए हैं। मेला क्षेत्र को 11 जोन और 36 सेक्टर में बांटकर पुलिस बल, यातायात कर्मी और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। साथ ही, भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।

सड़क किनारे वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, लेकिन प्रशासन लगातार व्यवस्था बनाए रखने में जुटा हुआ है। लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के बीच कार्तिक पूर्णिमा का पर्व हरिद्वार में पूरी श्रद्धा और शांति के साथ मनाया जा रहा है