बेलेश्वर और पिलखी अस्पतालों की लचर व्यवस्था के खिलाफ बढ़ता जनाक्रोश

बेलेश्वर और पिलखी अस्पतालों की लचर व्यवस्था के खिलाफ बढ़ता जनाक्रोश

स्थान : टिहरी

5 नवंबर – बेलेश्वर और पिलखी अस्पतालों की लचर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के खिलाफ जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार शाम घनसाली स्वास्थ्य जन संघर्ष मोर्चा के बैनर तले विनयखाल में मशाल जुलूस यात्रा निकाली गई। इस जुलूस का उद्देश्य अनीशा रावत और रवीना कठैत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आयोजित किया गया था।

शाम होते ही सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं और युवा हाथों में मशालें लिए सड़कों पर उतर आए। “अनीशा-रवीना को न्याय दो”, “स्वास्थ्य विभाग जवाब दो”, “लचर व्यवस्था बंद करो” जैसे नारों से पूरा बाजार गूंज उठा। मशाल जुलूस विनयखाल बाजार से शुरू होकर मुख्य मार्गों तक पहुंचा, जहां पर लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और शासन-प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

राज्य आंदोलनकारी लोकेंद्र दत्त जोशी ने इस अवसर पर कहा कि घनसाली क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का हाल बद से बदतर हो चुका है। प्रसव के बाद दो महिलाओं की मौत विभागीय लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

जन संघर्ष मोर्चा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की है कि बेलेश्वर और पिलखी अस्पतालों में डॉक्टरों और स्टाफ की तैनाती तुरंत की जाए और दोषी स्वास्थ्य कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

यह आंदोलन अब तक राज्य भर में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर उठी आवाज़ का हिस्सा बन चुका है, और आने वाले समय में इसका असर और बढ़ सकता है।