

आईसीसी ने महिला वनडे विश्व कप 2025 की सर्वश्रेष्ठ टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में भारत की तीन महिला खिलाड़ियों को जगह मिली है, लेकिन सबसे बड़ा चौंकाने वाला फैसला यह रहा कि विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर को इसमें शामिल नहीं किया गया। आईसीसी ने साउथ अफ्रीका की कप्तान लोरा वोल्वार्ड्ट को टीम की कप्तानी सौंपी है।




भारत ने पहली बार महिला वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। टीम इंडिया ने हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर इतिहास रचा। इसके बाद आईसीसी ने टूर्नामेंट की बेस्ट XI घोषित की, जिसमें कुल 12 खिलाड़ियों को शामिल किया गया।

भारत की तीन खिलाड़ियों को मिली जगह
भारत से इस सूची में स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, और दीप्ति शर्मा का नाम शामिल है। दीप्ति को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।

- स्मृति मंधाना ने टूर्नामेंट में 434 रन बनाए, औसत रहा 54.25, जिसमें एक शतक और दो अर्द्धशतक शामिल रहे।
- जेमिमा रोड्रिग्स ने 292 रन बनाए, औसत 58.40 रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में उनका नाबाद 127 रन का धमाकेदार प्रदर्शन भारत की जीत की नींव बना।
- दीप्ति शर्मा ने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया — 215 रन बनाए और 22 विकेट झटके।



लोरा वोल्वार्ड्ट बनीं कप्तान
आईसीसी ने साउथ अफ्रीका की कप्तान लोरा वोल्वार्ड्ट को टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम का कप्तान बनाया है। उन्होंने इस विश्व कप में 571 रन बनाए और 71.37 के औसत से खेलीं, जो किसी एक संस्करण में सर्वाधिक रन हैं।

इन खिलाड़ियों को भी मिली जगह
- साउथ अफ्रीका से तीन खिलाड़ी चुनी गईं, जिनमें कप्तान वोल्वार्ड्ट भी शामिल हैं।
- ऑस्ट्रेलिया से एनाबेल सदरलैंड, ऐश गार्डनर और अलाना किंग को स्थान मिला।
- पाकिस्तान से विकेटकीपर सिदरा नवाज को टीम में जगह मिली।
- इंग्लैंड से सोफी एक्लेस्टोन चुनी गईं, जबकि नैट साइवर-ब्रंट को 12वें खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया।

भारतीय खिलाड़ियों का जलवा
टीम इंडिया की तीनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से इस बार विश्व क्रिकेट में छाप छोड़ी है। खास बात यह है कि भले ही हरमनप्रीत कौर को इस टीम में शामिल नहीं किया गया, लेकिन भारत की टीम विश्व चैंपियन बनकर इतिहास रच चुकी है, और मंधाना, रोड्रिग्स व दीप्ति ने इस जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
आईसीसी की यह टीम टूर्नामेंट में प्रदर्शन के आधार पर चुनी गई है, और भारत के लिए यह गर्व का विषय है कि तीन भारतीय खिलाड़ियों ने इस वैश्विक सूची में अपनी जगह बनाई है।



