

स्थान- खटीमा, उधम सिंह नगर

रिपोर्ट -अशोक सरकार

खटीमा क्षेत्र के अंतर्गत धान क्रय केंद्रों पर अनियमितताओं को लेकर किसानों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद धान की तौल प्रक्रिया बाधित हो रही है और पोर्टल पूरा हो जाने के कारण अब किसान अपनी उपज बेच नहीं पा रहे हैं।




भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ऊधम सिंह नगर के जिला अध्यक्ष मनजिंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि सुबह से ही किसान अपनी धान से भरी ट्रॉलियों के साथ लंबी कतारों में खड़े हैं, लेकिन पोर्टल बंद होने की वजह से तौल संभव नहीं हो पा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब क्षेत्रीय किसानों का धान अभी तुला ही नहीं, तो पोर्टल पूरा कैसे घोषित कर दिया गया।





भुल्लर ने प्रशासन से तत्काल धान क्रय पोर्टल बढ़ाने की मांग की, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने का अवसर मिल सके।
वहीं एस.एम.आई. सी. आर्य ने बताया कि पोर्टल की अवधि बढ़ाने की कार्यवाही जारी है और जल्द ही किसानों की समस्या का समाधान किया जाएगा।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।





