


स्थान: रानीखेत
रिपोर्ट: संजय

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पहुंचे धरना स्थल, आंदोलनकारियों को दिया समर्थन

अल्मोड़ा। जनपद के चौखुटिया क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के खिलाफ चल रहा “ऑपरेशन स्वास्थ्य” आमरण अनशन अब तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर गया है। आंदोलनकारी भुवन कठायत के नेतृत्व में क्षेत्रवासी लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं के सुधार की मांग पर डटे हुए हैं।




इसी बीच बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत धरना स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनका समर्थन जताया। उन्होंने चौखुटिया की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है कि ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराई जाएं।




हरीश रावत ने मौके से ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने सरकार से चौखुटिया में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने, अस्पताल के उच्चीकरण और आवश्यक बजट स्वीकृति की मांग रखी।
वहीं, आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।




