


स्थान – बनबसा, चंपावत
रिपोर्ट – अशोक सरकार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को चंपावत जनपद के सीमांत बनबसा स्थित गुदमी क्षेत्र में लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (LPAI) द्वारा लगभग ₹500 करोड़ की लागत से निर्मित हो रही आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया।



इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना भारत-नेपाल के बीच सहयोग, व्यापार और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास में बेहद सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया इस महत्वाकांक्षी परियोजना को उत्तराखंड सरकार के सहयोग से तेज़ी से आगे बढ़ा रही है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के आरंभ से ही पर्यावरणीय मंजूरी, प्रतिपूरक पौधारोपण और भूमि हस्तांतरण की सभी औपचारिकताएँ पूरी हो चुकी हैं। इस वर्ष पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा लगभग 84 एकड़ वन भूमि को अंतिम स्वीकृति मिल चुकी थी, जिसके बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग ₹500 करोड़ की लागत से बनने वाला यह आधुनिक लैंड पोर्ट भारत और नेपाल के बीच व्यापार एवं यात्री आवागमन के लिए एक समेकित, सुविधाजनक और सुरक्षित प्रणाली विकसित करेगा। इसमें कस्टम, सुरक्षा, व्यापार और बॉर्डर से जुड़ी सभी प्रमुख एजेंसियाँ एक ही परिसर में कार्य करेंगी, जिससे सीमा प्रबंधन अधिक तेज़ और पारदर्शी होगा।

उन्होंने बताया कि यह परियोजना सीमांत क्षेत्रों के आर्थिक परिदृश्य को बदलने का माध्यम बनेगी। रणनीतिक रूप से यह लैंड पोर्ट सीमा पार व्यापार को सशक्त बनाएगा, कृषि और औद्योगिक उत्पादों के लिए औपचारिक प्रवेश द्वार तैयार करेगा और स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर उत्पन्न करेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लैंड पोर्ट के माध्यम से किसानों और छोटे उत्पादकों को सीमा पार बाजारों तक सीधी पहुँच मिलेगी, जिससे परिवहन लागत घटेगी और उत्पादों का मूल्य संवर्धन संभव होगा। यह पहल भारत और नेपाल के आपसी संबंधों को भी और मजबूत करेगी, जिससे पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।



इसके अलावा, LPAI द्वारा आयोजित डिज़ाइन प्रतियोगिता के माध्यम से पर्यावरण-अनुकूल मॉडल तैयार किया जाएगा, जो आधुनिकता और प्रकृति संरक्षण का संतुलित उदाहरण बनेगा। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों और एजेंसियों से समान्वयपूर्ण कार्य करने की अपील की, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा हो सके।
उन्होंने कहा कि बनबसा लैंड पोर्ट परियोजना उत्तराखंड की सीमाओं को समृद्धि और अवसरों की नई पहचान देगी।


