

रिपोर्ट: संजय कुंवर
स्थान: बद्रीनाथ धाम

भू बैकुंठ नगरी श्री बदरीनाथ धाम और श्री केदारनाथ धाम में आज सोमवार को दीपावली पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। पर्व के अवसर पर दोनों धामों में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।



श्री बदरीनाथ धाम में बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी), तीर्थ पुरोहितों, बामणी, माणा, पांडुकेश्वर के स्थानीय लोगों, श्रद्धालुजनों, हकहकूकधारियों और होटल एसोसिएशन बदरीनाथ द्वारा संयुक्त रूप से 12 हजार दीये जलाकर दीपोत्सव मनाया गया। मंदिर परिसर, घाट और आसपास के मार्ग दीपों की रौशनी से जगमगा उठे। श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही श्री बदरी विशाल जी के दर्शन के लिए उमड़ी रही। सभी ने दीपावली के शुभ अवसर पर श्री बदरी विशाल और माता लक्ष्मी से आशीर्वाद प्राप्त किया।




वहीं, श्री केदारनाथ धाम में भी दीपावली पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। मंदिर समिति की ओर से श्री केदारनाथ मंदिर सहित सभी सहवर्ती मंदिरों को दीपमालाओं से सजाया गया। धाम में भक्तों ने दीप जलाकर भगवान शिव से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।


दोनों धामों में एक साथ हुई दीपों की इस अलौकिक छटा ने न सिर्फ श्रद्धालुओं के हृदय को भक्तिभाव से भर दिया, बल्कि हिमालय की गोद में बसे इन पवित्र स्थलों को सचमुच ‘देव दीपावली’ का रूप दे दिया।



