बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में दीपावली की धूम, 12,000 दीपों से जगमग होगा बदरी पुरी

बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में दीपावली की धूम, 12,000 दीपों से जगमग होगा बदरी पुरी

रिपोर्टर : संजय कुंवर
स्थान : बद्रीनाथ धाम

उत्तराखंड के पवित्र धाम बद्रीनाथ और केदारनाथ में दीपावली का पर्व आज सोमवार को बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर दोनों धामों में विशेष पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन और सजावट की गई है।

बदरी पुरी में इस बार भव्य और अलौकिक दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पहली बार बद्रीनाथ धाम में 12,000 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे और माता लक्ष्मी को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे।

बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि यह दीपोत्सव 20 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक चलेगा। इसका आयोजन बीकेटीसी, तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों और बद्रीनाथ होटल एसोसिएशन के सहयोग से किया जा रहा है। साथ ही, डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत, भंडारी और कमदी हक-हकूकधारी भी इस आयोजन में भाग लेंगे।

केदारनाथ धाम में भी तीर्थ पुरोहितों और हक-हकूकधारियों के सहयोग से दीपोत्सव का आयोजन होगा। दोनों धामों में मंदिर परिसर, मार्ग और आसपास के क्षेत्र दीपों से सजाए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व का आनंद सभी भक्त सुरक्षित और हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में उठा सकें।

इस तरह, इस वर्ष बद्रीनाथ और केदारनाथ दोनों धाम दीपों की रौशनी और भक्ति भाव से जगमगाए हुए हैं।