त्योहारी सीज़न में देहरादून में ट्रैफिक नियंत्रण चुनौतीपूर्ण, पुलिस रहेगी सख्त

त्योहारी सीज़न में देहरादून में ट्रैफिक नियंत्रण चुनौतीपूर्ण, पुलिस रहेगी सख्त

स्थान : देहरादून

देहरादून शहर में ट्रैफिक संचालन पहले से ही प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रहा है, और त्योहारी सीज़न में यह चुनौती और भी बढ़ जाती है। इस समय बाहरी प्रदेशों में काम करने वाले उत्तराखंड के लोग छुट्टियों में घर लौटते हैं, जिससे शहर की सड़कों पर वाहन और भी बढ़ जाते हैं।

विशेषकर दीपावली के दौरान शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या आम रहती है, साथ ही ड्रिंक एंड ड्राइव जैसे मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिलती है। ऐसे में पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी रहेगी। यातायात नियंत्रण के लिए शहर भर में चेकपोस्ट लगाए जाएंगे और वाहनों की नियमित जांच की जाएगी।

साथ ही पुलिस ने रेस्टोरेंट और क्लब संचालकों से अपील की है कि किसी भी पार्टी या आयोजन से पहले पुलिस को इसकी जानकारी दी जाए। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा और सुचारू ट्रैफिक संचालन सुनिश्चित करने के लिए यह आवश्यक कदम है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से भी अनुरोध किया है कि त्योहारी सीज़न में संयम बरतें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा के नियमों का ध्यान रखें।