आराघर टी-जंक्शन पर थार ने पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर, तीन जवान गंभीर घायल

आराघर टी-जंक्शन पर थार ने पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर, तीन जवान गंभीर घायल

स्थान : देहरादून

थाना डालनवाला क्षेत्र के अंतर्गत आज तड़के एक बड़ी घटना सामने आई, जब आराघर टी-जंक्शन पर चेकिंग ड्यूटी के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों पर एक थार गाड़ी चालक ने जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना आज सुबह लगभग 3:45 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चेकिंग के दौरान जब पुलिसकर्मियों ने एक थार वाहन को रोकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय तेज़ गति से पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ा दिया। इस घटना में हेड कांस्टेबल सुगनपाल, कांस्टेबल सचिन और कांस्टेबल कमला प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिनर्जी हॉस्पिटल रेफर किया गया। तीनों पुलिसकर्मी इस समय अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून अजय सिंह स्वयं सिनर्जी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को उनके बेहतर इलाज के लिए हर संभव मदद देने के निर्देश दिए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर (36 वर्ष) पुत्र मोहम्मद रईस, निवासी 1 ईसी रोड, थाना डालनवाला, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से महिंद्रा थार (UK07 FW 1002) को भी बरामद कर सीज कर दिया गया है।

एसएसपी अजय सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने इस संबंध में आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद देहरादून पुलिस महकमे में आक्रोश और चिंता का माहौल है। वहीं, अधिकारियों ने साफ कहा है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और आरोपित को सख्त सजा दिलाई जाएगी।