


स्थान : पौड़ी
रिपोर्ट : जय ममगाई


मुख्यालय पौड़ी में दीपोत्सव की शुरुआत आज धनतेरस से हो गई है और पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठा है। एजेंसी चौक, अपर बाजार से लेकर धारा रोड तक दीपोत्सव का उत्साह साफ नजर आ रहा है। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को रंग-बिरंगी सजावट से सजा दिया है, वहीं फड़ बाजारों में कपड़े, बर्तन, दिए, झाड़ू और सजावटी सामान खरीदने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है।



शहर के बाजारों में सुबह से ही रौनक देखने को मिल रही है। लोग सोना, चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और पूजन सामग्री खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं। धनतेरस के शुभ अवसर पर सर्राफा बाजारों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। दुकानदारों के चेहरे खिल उठे क्योंकि सोना, चांदी और हीरे की जमकर बिक्री हुई।



व्यापारियों का कहना है कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार बिक्री में अच्छा इजाफा हुआ है। धनतेरस को शुभ दिन माना जाता है, इसलिए लोग कीमती धातुओं की खरीदारी कर अपने घर में सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।



शाम होते ही पूरा पौड़ी शहर दीयों की रोशनी और सजावट से जगमगा उठा, सड़कों पर दीपोत्सव का उल्लास स्पष्ट दिखा। लोगों ने एक-दूसरे को धनतेरस और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पौड़ी में यह नजारा सचमुच त्योहार की रौनक और खुशहाली का प्रतीक बन गया।




