


स्थान : उधम सिंह नगर


जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र में गुलदार का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। पतरामपुर रेंज के अंतर्गत गुलदार ने एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।



जानकारी के अनुसार, घायल युवक अपने काम से जा रहा था, तभी झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। युवक किसी तरह शोर मचाते हुए अपनी जान बचाने में सफल रहा। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।



ग्रामीणों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते कुछ दिनों पहले भी दो लोगों पर गुलदार ने हमला किया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से लोग भयभीत हैं और शाम ढलते ही अपने घरों में सिमट जाते हैं।


स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। वन विभाग के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टीम को मौके पर भेजा गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



