


स्थान – बाजपुर

रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू

ऊधम सिंह नगर। बाजपुर शहर में मंगलवार देर शाम एक ब्यूटी पार्लर में अज्ञात कारणों से आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शहर के मध्य घनी आबादी वाले मुख्यमार्ग के किनारे स्थित इस भवन की दूसरी मंजिल पर ब्यूटी पार्लर था, जबकि तीसरी मंजिल पर फिटनेस वर्ल्ड जिम संचालित था।




घटना के समय जिम में मौजूद युवकों ने पार्लर से निकलते धुएं को देखा और उनमें हड़कंप मच गया। धुएं के कारण एक युवक बेहोश हो गया, जिसे अन्य युवकों ने सुरक्षित बाहर निकाला। जिम संचालक अंकित ने बताया कि धुएं से सभी को सांस लेने में परेशानी हुई।



सूचना मिलने पर दमकल कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पास की दुकानों के संचालक भी आग बुझाने में मदद के लिए पहुंचे। पंकज गिफ्ट के संचालक ध्रुव चानना और उनके कर्मचारी छह अग्निशमन यंत्र लेकर आग बुझाने में जुट गए। इस प्रयास के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष गणेश राय खुल्लर के हाथ में चोट भी आई।


मुख्यमार्ग पर मौजूद भीड़ को पुलिस ने तितर-बितर किया। आग बुझाने में कई घंटे लगे और प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि अग्निकांड की वजहों का पता लगाया जा रहा है।




