


संवाददाता: शहजाद अली
स्थान: हरिद्वार

हरिद्वार पुलिस ने अपनी तत्परता और दक्षता का परिचय देते हुए दोस्ती को कलंकित करने वाली जघन्य हत्या की गुत्थी मात्र 24 घंटे में सुलझा ली। थाना बहादराबाद क्षेत्र में मामूली पैसों के विवाद में आरोपी रोहित ने अपने जिगरी दोस्त सौरभ की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।




एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को पथरी पावर हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि शराब पीने के दौरान 1200 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान सौरभ ने उसे थप्पड़ मार दिया, जिससे अपमानित होकर उसने वारदात को अंजाम दे दिया।




एएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि “बहादराबाद पुलिस ने बहुत ही तत्परता और पेशेवर तरीके से काम करते हुए 24 घंटे में हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराधियों के खिलाफ ऐसी ही सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”
हरिद्वार पुलिस की मुस्तैदी और समर्पण ने एक बार फिर यह साबित किया है कि वह अपराधियों के लिए खौफ और आम जनता के लिए भरोसे का प्रतीक बनी हुई है।





