


रिपोर्ट – भगवान सिंह
स्थान – श्रीनगर गढ़वाल

प्रदेश के चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बेस चिकित्सालय श्रीनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।





चिकित्सा सचिव ने इमरजेंसी वार्ड, एमआरआई, सीटी स्कैन यूनिट और कैथ लैब समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इमरजेंसी वार्ड में भर्ती एक बालक का स्वास्थ्य सुविधाओं के अनुरूप ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैथ लैब को शीघ्र चालू करने के प्रयास जारी हैं और विशेषज्ञ कार्डियोलॉजिस्ट की तैनाती पर सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है।



इस दौरान उन्होंने मरीज सहायता एवं जन संपर्क कार्यालय का उद्घाटन भी किया, जो मरीजों के मार्गदर्शन और सुविधा के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि ओपीडी एवं आईपीडी सेवाओं का विस्तार, गांव स्तर पर आउटरीच गतिविधियों और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।



साथ ही, कफ सिरप के दुरुपयोग पर सख्त रुख अपनाते हुए डॉ. कुमार ने कहा कि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को कफ सिरप न दिया जाए, और पांच वर्ष से ऊपर के बच्चों को केवल डॉक्टरी परामर्श के बाद ही दवा दी जाए। उन्होंने अवैध मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई का निर्देश भी दिया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना, स्वास्थ्य निदेशक गढ़वाल मंडल डॉ. त्रिपाठी, सीएमओ पौड़ी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, एमएस बेस अस्पताल डॉ. राकेश रावत सहित अन्य फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।




