


स्थान: पौड़ी
रिपोर्ट: जय ममगाई

जनपद पौड़ी गढ़वाल के दुगड्डा विकासखंड के ग्राम जमरगड्डी में आज वित्त, जलागम एवं निर्वाचन सचिव दिलीप जावलकर ने दौरा किया। ग्रामीणों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊ और फूलमालाओं से उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।




सचिव ने जलागम विभाग द्वारा संचालित वैश्विक पर्यावरण सुविधा (जेएएफ-6) परियोजना के तहत हो रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं, आजीविका के अवसरों, आपदा प्रभावित भवनों और कृषि-बागवानी से जुड़ी आवश्यकताओं पर चर्चा की। कई मुद्दों पर मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।



जावलकर ने बताया कि विश्व बैंक समर्थित जैफ-6 परियोजना का उद्देश्य कार्बेट और राजाजी राष्ट्रीय उद्यानों के आसपास के राजस्व गांवों का समग्र विकास करना है। यह परियोजना ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण, जल एवं भूमि संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और मानव-वन्य जीव संघर्ष को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।





