

भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने नॉर्वे में आयोजित वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 48kg कैटेगरी में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उन्होंने कुल 199kg (स्नैच 84kg + क्लीन एंड जर्क 115kg) वजन उठाया।



स्नैच में चानू 87kg के दो प्रयासों में सफल नहीं हो सकीं, लेकिन क्लीन एंड जर्क में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अपने सभी तीन प्रयास (109kg, 112kg और 115kg) सफलतापूर्वक पूरे किए। खास बात यह रही कि उन्होंने आखिरी बार 115kg का वजन 2021 टोक्यो ओलिंपिक में उठाया था, जहां भी उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था।



प्रतियोगिता का गोल्ड मेडल उत्तर कोरिया की री सोंग गुम ने जीता। उन्होंने कुल 213kg (91kg स्नैच + 122kg क्लीन एंड जर्क) उठाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। ब्रॉन्ज मेडल थाईलैंड की थनयाथोन सुक्चारो के नाम रहा, जिन्होंने 198kg (88kg स्नैच + 110kg क्लीन एंड जर्क) वजन उठाया।


चानू का यह वर्ल्ड चैंपियनशिप में तीसरा मेडल है। 2017 में वह वर्ल्ड चैंपियन रही थीं और 2022 में भी सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। 31 साल की चानू पहले 49kg वर्ग में वेटलिफ्टिंग करती थीं, लेकिन 2024 पेरिस ओलिंपिक में 49kg वर्ग हट जाने के कारण उन्हें 48kg वर्ग में शिफ्ट होना पड़ा।


एक महीने पहले, 25 अगस्त को अहमदाबाद में हुए कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में चानू ने 48kg वर्ग में गोल्ड मेडल जीता था। उन्होंने 193kg (स्नैच 84kg + क्लीन एंड जर्क 109kg) वजन उठाया था।

चानू अभी अपने पर्सनल बेस्ट से थोड़ा पीछे हैं। उनका पर्सनल बेस्ट स्नैच में 88kg और क्लीन एंड जर्क में 119kg है। कुल मिलाकर उनका कंबाइंड पर्सनल बेस्ट 207kg है। इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने 199kg वजन उठाकर पेरिस ओलिंपिक की बराबरी की। टोक्यो ओलिंपिक में उन्होंने 202kg वजन उठाया था।



