

रिपोर्ट : भगवान सिंह
स्थान : श्रीनगर गढ़वाल


श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से शुरू हुए “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” पखवाड़े का गुरुवार को प्रदेशभर में समापन हुआ। इस अवसर पर महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।



राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि इस 16 दिवसीय अभियान में 13 लाख से अधिक लोगों ने निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार का लाभ उठाया।


डॉ. रावत ने कहा कि इस अभियान की सराहना न केवल जनता, बल्कि विपक्षी दलों के विधायकों ने भी की है। उन्होंने घोषणा की कि इसी प्रकार के स्वास्थ्य शिविर राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भी आयोजित किए जाएंगे।


स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर मंत्री ने जानकारी दी कि बेस अस्पताल में जल्द ही तीन नए ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के लिए 250 नए डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे सीएससी और पीएससी स्तर पर भी डॉक्टर तैनात किए जाएंगे।


डॉ. रावत ने कहा कि यह पखवाड़ा प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल रहा है, जिसने नारी स्वास्थ्य और परिवार सशक्तिकरण की अवधारणा को साकार किया है।



