लालकुआँ विधायक ने की प्रेसवार्ता, स्वास्थ्य शिविर से लेकर जीएसटी राहत तक कई घोषणाएँ

लालकुआँ विधायक ने की प्रेसवार्ता, स्वास्थ्य शिविर से लेकर जीएसटी राहत तक कई घोषणाएँ

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

लालकुआँ। नगर पंचायत सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने आगामी योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत 2 अक्टूबर को हल्दूचौड़ में एक वृहद स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा, जिसमें विकलांग प्रमाण पत्र समेत मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और मरीजों की सेवा जैसे कार्यक्रम भी निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

त्यौहारों पर केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में दी गई छूट का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि यह कदम आम जनता को राहत देने के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा। उन्होंने बताया कि पैकेज्ड फूड, घरेलू उपकरणों की मरम्मत सेवाओं और छोटे कारोबार से जुड़ी सेवाओं पर कर में कमी उपभोक्ताओं और व्यापारियों दोनों के लिए लाभकारी होगी। इससे स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, उत्पादन लागत घटेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में होटल, परिवहन और पर्यटन उद्योग को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

चर्चित पेपर लीक प्रकरण पर विधायक ने कहा कि सरकार मामले की ईमानदारी से जांच कर रही है और अभी तक पेपर लीक जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए यूकेएसएसएससी परीक्षा का परिणाम एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद ही घोषित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आकर अपने भविष्य को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि नकल रोकने के लिए उत्तराखंड सरकार ने देश का सबसे सख्त कानून लागू किया है और पिछले चार वर्षों में प्रदेश में 25 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।

स्थानीय विकास कार्यों का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि लालकुआँ शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजना पर तेजी से काम हो रहा है, जो मील का पत्थर साबित होगी। इसके बाद दूसरे चरण में सीवर लाइन का कार्य भी शुरू किया जाएगा। साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र की कॉलोनियों का विस्तार कर उच्चीकरण करते हुए लालकुआँ को नगर पालिका घोषित करने की योजना है, जिसके लिए मुख्यमंत्री से वार्ता भी हो चुकी है।