

स्थान-देवाल/ चमोली।

संवाद्दाता-नवीन चन्दोला



विकासखंड देवाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत सेलखोला में सोमवार को लगभग सुबह 11 बजे से लगातार भू-धंसाव और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे गांव में दहशत का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने सोमवार रात अपने घर खाली कर दिए और परिवारों व मवेशियों सहित सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है।


कई मकानों, खेतों और जलस्रोतों को भारी नुकसान

ग्रामीणों के अनुसार, यादव चंद्र मिश्रा के घर के पीछे से भू-धंसाव शुरू हुआ, जिसके बाद पानी का रिसाव भी देखा गया, जिससे मिट्टी और पत्थर खिसकते चले गए। इसका असर आसपास के कई परिवारों पर पड़ा है:

पंकज मिश्रा, मनोज मिश्रा, हेम मिश्रा, राजा आनंद मिश्रा के खेत पूरी तरह खिसककर नीचे गिर गए।
विनायक मिश्रा के आंगन और घर के आगे की दीवार ढह गई।

चित्रांश मिश्रा और दिनेश मिश्रा के मकानों के पीछे मलबा और भारी पत्थर जमा हो गए हैं।

इसके अतिरिक्त गांव का पौराणिक जलस्रोत (धारा) और प्रतीक्षालय भी क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि धारे जाने का मुख्य रास्ता भी पूरी तरह से टूट चुका है, जिससे लोगों को पीने के पानी तक पहुंचने में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
ग्रामीणों ने उठाई मुआवजे और पुनर्वास की मांग


घटना के बाद से गांव में भय और अनिश्चितता का माहौल है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से तत्काल राहत, मुआवजा और स्थायी विस्थापन की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते पुनर्वास की व्यवस्था नहीं की गई, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है।
घटनास्थल पर ग्राम प्रधान कविता मिश्रा, हेम मिश्रा, विनायक मिश्रा, पुष्पा देवी, ममता मिश्रा, देव मिश्रा आदि ग्रामीण उपस्थित रहे और प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की अपील की।
प्रशासन से अपेक्षित है त्वरित कार्रवाई

स्थानीय निवासियों की मांग है कि भू-धंसाव क्षेत्र का तुरंत भूगर्भीय सर्वेक्षण करवा कर स्थिति का आकलन किया जाए और प्रभावित परिवारों को आपदा राहत के अंतर्गत मुआवजा और वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराए जाएं।


