

स्थान-नरेंद्रनगर

संवाद्दाता-वाचस्पति रयाल




नरेंद्रनगर। आगामी 22 सितंबर से शुरू होने वाले सुप्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। मेले में आयोजित होने वाले खेलों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए नगर पालिका सभागार में खेल समिति की बैठक आयोजित की गई।


बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल ने की। इस दौरान मेला समिति के संयोजक राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, खेल समिति अध्यक्ष दीपक रावत, तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल व संचालक महेश गुसाईं मौजूद रहे। बैठक में प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तय करते हुए तिथियों को अंतिम रूप दिया गया।


प्रतियोगिताओं का आकर्षण
मेले में इस वर्ष क्रिकेट, वॉलीबॉल (महिला/पुरुष), हाफ मैराथन दौड़ (महिला/पुरुष), बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, कबड्डी (महिला/पुरुष), फुटबॉल व क्विज जैसी प्रतियोगिताएं होंगी।
इसके अलावा महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर, रस्साकसी, रंगोली और बच्चों के लिए चम्मच दौड़, बोरा दौड़ व जलेबी रेस का भी आयोजन किया जाएगा।
नकद पुरस्कारों की घोषणा

वॉलीबॉल (पुरुष/महिला वर्ग) : विजेता ₹51,000 और ₹31,000, उपविजेता ₹21,000 और ₹15,000।
कबड्डी (पुरुष/महिला वर्ग) : विजेता ₹21,000 और ₹15,000, उपविजेता ₹15,000 और ₹11,000।
क्रिकेट : विजेता ₹11,000 और उपविजेता ₹5,100।
फुटबॉल व हाफ मैराथन : विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को भी आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

आयोजकों की अपील
उप जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल सहित मेला समिति के पदाधिकारियों ने शिक्षकों, खेल संचालकों और निर्णायकों से अपील की कि मां कुंजापुरी के नाम पर आयोजित इस मेले को सफल बनाने में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है।


