लक्सर: देर रात ग्रामीण के घर में घुसा विशालकाय मगरमच्छ, वन विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू

लक्सर: देर रात ग्रामीण के घर में घुसा विशालकाय मगरमच्छ, वन विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू

कंकरखाता गांव में घर में घुसा विशालकाय मगरमच्छ, घंटों की मशक्कत के बाद वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू

लक्सर
लक्सर क्षेत्र के कंकरखाता गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब देर रात एक विशालकाय मगरमच्छ एक ग्रामीण के घर में घुस आया। यह घटना शनिवार देर रात की है, जब गांव निवासी साहब सिंह पशुओं को देखने के लिए उठे तो उन्होंने अचानक घर में मगरमच्छ को देखा। उन्होंने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया और शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण भी जाग गए।

घटना की सूचना तुरंत लक्सर वनक्षेत्राधिकारी को दी गई, जिसके बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम को रात में ही मौके के लिए रवाना किया गया। टीम का नेतृत्व गुरजंट सिंह कर रहे थे। गांव पहुंचते ही टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद मगरमच्छ को सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया है। रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की तत्परता की सराहना की।

स्थानीय लोगों का मानना है कि पास के गंगा नहर से मगरमच्छ भटककर गांव की ओर आ गया होगा। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।